सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मैं सपने देखती हूँ

मैं सपने देखती हूँ
हाँ.....मैं अब भी सपने देखती हूँ
चार दशक जीने के बाद
रिश्ते नातों की लंबी फेहरिस्त में
खुद को घोल देने के बाद
हर कटू शब्द को जीते हुए
कुछ प्रशंसाओं को पीते हुए
अपने अंदर कुछ बचा पाती हूँ
हाँ.....मैं अब भी सपने देखती हूँ
चक्करघिन्नी सी जीते हुए
सिर्फ हाउसवाइफ कहलाते हुए
सुबह का नाश्ता बनाते हुए
पति के खानें में थोड़ा नमक कम करते हुए
बच्चों की शाम में मिल्कशेक सी घूल जाती हूँ
हाँ.....मै अब भी सपने देखती हूँ
रिश्तेदारी में लेनदेन को निपटाते हुए
सासू माँ को समझाते हुए
परम्पराओं को ढ़ोते हुए
कुछ रीती रिवाजों को
चुपके से ताक पर रख देती हूँ
हाँ.....मैं अब भी सपने देखती हूँ
जींस भी पहन लेती हूँ
हील्स भी पहन लेती हूँ
मोटा लाइनर आँखों पर सजा
मेनोपॉज से पंगा लेती हूँ
हाँ.....मैं अब भी सपने देखती हूँ
जिम्मेदारियों से भागती नहीं
मुसीबतों से डरती नहीं
हौसला हूँ खुद का, खुद से प्यार करती हूँ
हाँ.....मैं अब भी सपने देखती हूँ
शिकन में ठंडी हवा का झौका हूँ
बच्चों की चुहल करती दोस्त हूँ....तो
ब्रेकअपस् में सहारा पाती बेल का आधार हूँ
लेकिन....
अपनी गलतियों की मैं खुद जिम्मेवार हूँ
अपनी खामियों को सुधारती
सतरंगी सपने बुनती अतरंगी सी
मैं आधी सी बची जिंदगी हूँ...और
इसी बची जिंदगी में पुरे होगे सपने
क्योकि....मैं अब भी सपने देखती हूँ

टिप्पणियाँ

बेनामी ने कहा…
जितना मैं आपको पढ़ता जा रहा हूँ उतना ही आपका मुरीद हो रहा हूँ l
yashoda Agrawal ने कहा…
आपकी लिखी रचना "पांच लिंकों का आनन्द में" रविवार जून 16, 2019 को साझा की गई है......... एक ही ब्लॉग से...मेरे मन का एक कोना परआप भी आइएगा....धन्यवाद!
आत्ममुग्धा ने कहा…
शुक्रिया आपका

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

काम ही पूजा है

हर रोज सुबह की सैर मुझे पूरे दिन के लिये शारीरिक मानसिक रूप से तरोताजा करती है। सैर के बाद हम एक भैयाजी के पास गाजर, बीट, हल्दी, आंवला ,अदरक और पोदीने का जूस पीते है, जिसकी मिक्सिंग हमारे अनुसार होती है। हम उनके सबसे पहले वाले ग्राहक होते है , कभी कभी हम इतना जल्दी पहूंच जाते है कि उन्होने सिर्फ अपना सब सामान सैट किया होता है लेकिन जूस तैयार करने में उन्हे पंद्रह मिनिट लग जाते है, जल्दबाजी में नही होती हूँ तो मैं जूस पीकर ही आती हूँ, वैसे आना भी चाहू तो वो आने नहीं देते , दो मिनिट में हो जायेगा कहकर, बहला फुसला कर पिलाकर ही भेजते है। उनकी अफरा तफरी और खुशी दोनो देखने लायक होती है।      आज सुबह भी कुछ ऐसा ही था, हम जल्दी पहूंच गये और उन्होने जस्ट सब सैट ही किया था , मैं भी जल्दबाजी में थी क्योकि घर आकर शगुन का नाश्ता टीफिन दोनों बनाना था। हमने कहां कि आज तो लेट हो जायेगा आपको, हम कल आते है लेकिन भैयाजी कहाँ मानने वाले थे । उन्होने कहा कि नयी मशीन लाये है , आपको आज तो पीकर ही जाना होगा, अभी बनाकर देते है। मुझे सच में देर हो रही थी लेकिन फिर भी उनके आग्रह को मना न कर स...

गर्भगृह

मुझे अंधेरों से डर नहीं लगता मुझे सन्नाटों का भी खौफ़ नहीं उष्णता मुझे तरबतर नहीं करती आपदाओं से मैं घबराती नहीं काल कोठरी सी एक छोटी जगह जहाँ रोशनी की महीन किरण तक नहीं मुझे पर्याप्त है क्योकि मैं उसे समझ लेती हूँ माँ का गर्भगृह जहाँ कुछ समय मुझे रहना है जीवन पाकर बाहर आना है ईश्वर अभी भी रच रहा है मुझे उसकी रचना पर सवाल नहीं संदेह नहीं

पिता और चिनार

पिता चिनार के पेड़ की तरह होते है, विशाल....निर्भीक....अडिग समय के साथ ढलते हैं , बदलते हैं , गिरते हैं  पुनः उठ उठकर जीना सिखाते हैं , न जाने, ख़ुद कितने पतझड़ देखते हैं फिर भी बसंत गोद में गिरा जाते हैं, बताते हैं ,कि पतझड़ को आना होता है सब पत्तों को गिर जाना होता है, सूखा पत्ता गिरेगा ,तभी तो नया पत्ता खिलेगा, समय की गति को तुम मान देना, लेकिन जब बसंत आये  तो उसमे भी मत रम जाना क्योकि बसंत भी हमेशा न रहेगा बस यूँ ही  पतझड़ और बसंत को जीते हुए, हम सब को सीख देते हुए अडिग रहते हैं हमेशा  चिनार और पिता